नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही पांचों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने सहयोगी चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखवीर सिंह संधू और डॉ. विजय शर्मा के साथ नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी। सभी पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 480 कंपनियां तैनात की जाएंगी। कई जिलों में केंद्रीय बलों द्वारा रूट मार्च भी किया जा चुका है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया पर फेक न्यूज फैलाने वालों और चुनावी हिंसा करने वालों पर चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों की कड़ी नजर रहेगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और मतदाताओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से आयोग ने 30 नए कदम उठाए हैं। इन उपायों से मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मतदान प्रतिशत की जानकारी भी समय-समय पर सार्वजनिक की जाएगी। चुनाव आयोग हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत जारी करेगा और वोटिंग समाप्त होने के तुरंत बाद कुल मतदान का आंकड़ा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
-Pic & Story by Kamal Narang





