• Home
  • कानपुर नगर
  • मायावती पर शिवपाल का हमला: भाजपा की ‘बी टीम’ बताया, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

मायावती पर शिवपाल का हमला: भाजपा की ‘बी टीम’ बताया, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

कानपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती पर तीखा प्रहार करते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘बी टीम’ बताया। उन्होंने कहा कि मायावती वही बातें दोहराती हैं जो भाजपा उनसे कहलवाती है।
बनारस से वंदे भारत ट्रेन द्वारा कानपुर सेंट्रल पहुंचे शिवपाल सिंह यादव का यहाँ सपा के प्रदेश सचिव आशीष चौबे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की वजनी माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से इटावा के लिए रवाना हो गए।
पत्रकारों से बातचीत में शिवपाल सिंह यादव ने आगामी दीपावली त्यौहार की शुभकामनाएँ दीं। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था और शासन-प्रशासन पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘झूठों का राज’ है, शासन-प्रशासन पूरी तरह ठप हो चुका है और अपराध चरम पर है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की विदाई की शुरुआत बिहार से होगी।
सपा नेता ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी राम मनोहर लोहिया के आदर्शों पर चल रही है और उसने अपने वादे पूरे किए हैं, जबकि भाजपा के वादे कहीं दिखाई नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि सूबे में गरीबी और भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था चरमरा गई है और भाजपा सरकार ‘लूट खसोट का अड्डा’ बन चुकी है।
शिवपाल सिंह यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि समाजवादी पार्टी ‘इंडिया गठबंधन’ के साथ मिलकर भाजपा को साफ करने के लिए तैयार है। उन्होंने घोषणा की कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे।
कानपुर सेंट्रल पर स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से सपा के प्रदेश सचिव आशीष चौबे, अब्दुल शमी शाह, सूरज ठाकुर, जैन यादव, अंकित बाजपेई, ऋषि दुबे, किसलय दीक्षित, हरिओम पांडे, मोहम्मद शाहज़ेब और निहाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top