कानपुर देहात। जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “यातायात सुरक्षा माह-2025” का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।
जनसमूह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नागरिकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, यातायात संकेतों का पालन एवं पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर जोर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय ने बताया कि पूरे माह भर चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे जनपद में सड़क सुरक्षा की संस्कृति विकसित हो सके।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। रैली के दौरान वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी गई।
कानपुर देहात में “यातायात सुरक्षा माह-2025” का शुभारंभ





