♦ पेपर लीक पर रोक और जौहर यूनिवर्सिटी के छात्रों के भविष्य की सुरक्षा को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
भोगनीपुर, कानपुर देहात: जन सामना डेस्क। लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से आक्रोशित समाजसेवियों ने शुक्रवार को हुंकार भरी। छात्र हितों की रक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर तहसील भोगनीपुर में ज्ञापन सौंपा गया।
यह ज्ञापन उप जिलाधिकारी भोगनीपुर के माध्यम से उप्र के राज्यपाल को प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में प्रतिनिधियों ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इन घटनाओं से दिन-रात मेहनत करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का न केवल मनोबल टूटता है, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक साख पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ त्वरित व कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन के माध्यम से जौहर यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
इस दौरान समाजसेविका निहारिका सिंह ने कहा कि युवाओं की वर्षों की मेहनत पर पानी फेरने वाले असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना बेहद जरूरी है।
समाजसेवी राजा पठान एवं यूसुफ सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से कहा कि निर्दाेष विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा करना सरकार व प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रमुख माँगें:-
♦ आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगी व शैक्षणिक परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
♦ पेपर लीक के दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और त्वरित कानूनी कार्रवाई हो।
♦ सभी परीक्षाएँ सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में आयोजित कराई जाएँ।
♦ जौहर यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों की शिक्षा, परीक्षा, डिग्री व भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
छात्र हितों की रक्षा एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग
Releated Posts










