कानपुर देहात। सिकंदरा तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैजामऊ के मजरा अरसुन बांगर में नालियों और सड़क पर फैली गंदगी तथा कीचड़ से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और बदहाल रास्ते के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कपिल सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर गांव से प्राथमिक विद्यालय तक सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार उपजिलाधिकारी सिकंदरा एवं खंड विकास अधिकारी राजपुर को लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण और जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण और नालियों की समुचित सफाई कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।










