➢ चार दिन से एनडीआरएफ टीम और गोताखोर कर रहे तलाश
पंडित अनुपम दुबे : कानपुर देहात। थाना अमराहट क्षेत्र के अंतर्गत अमराहट कैनाल पंप के पास कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर यमुना नदी में स्नान करने गया युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। चार दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधेड़ा गांव निवासी अर्पित कटियार पुत्र विनोद कटियार अपने दोस्तों के साथ यमुना नदी घाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान अचानक वह लापता हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल अर्पित के परिजनों और थाना अमराहट पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी सिकंदरा प्रदुम्न कुमार, क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह, तहसीलदार राकेश चंद्रा और थानाध्यक्ष राहुल कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और नदी के आसपास गहन खोजबीन अभियान शुरू कराया।
घटना के बाद से एनडीआरएफ टीम और गोताखोरों की संयुक्त टीम लगातार अर्पित की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन के साथ खोज में सहयोग कर रहे हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर लापता युवक का नहीं मिला सुराग





