हाथरस। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हाथरस के वर्ष 2025-26 के चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुए। कुल 650 में से 620 अधिवक्ताओं ने मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। घोषित परिणामों में कई पदों पर कड़ी टक्कर देखने को मिली। अध्यक्ष पद पर दिनेश बंसल ने 253 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वियों में अजय कुमार भारद्वाज को 171 और पवन कुमार शर्मा को 195 मत मिले। एक मत निरस्त घोषित किया गया। सचिव पद पर विनोद कुमार शर्मा ने 343 मत पाकर जीत दर्ज की, जबकि ललित कुमार ‘उपमन्यु’ को 267 मत मिले। दस मत निरस्त घोषित किए गए। सह-सचिव प्रथम पद पर प्रियंक पुण्ढ़ीर 397 मत पाकर विजयी रहे। इस पद पर संजय वार्ष्णेय को 220 मत मिले तथा तीन मत निरस्त हुए।
सह-सचिव द्वितीय पद पर भूपेन्द्र प्रताप सिंह ने 413 मत पाकर जीत दर्ज की। सुरेन्द्र सिंह को 198 मत मिले, जबकि दो मत निरस्त एवं सात मतों का उपयोग नहीं किया गया। कोषाध्यक्ष पद पर अखिलेश कुमार ‘प्रेमी’ ने 337 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि गोविन्द शरण गोस्वामी को 282 मत मिले। एक मत निरस्त घोषित हुआ। अंकेक्षक पद के लिए प्रवीन कुमार ‘पिंटू’ चौधरी को समिति द्वारा मनोनीत किया गया।
निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी—
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष : सुनील कुमार शर्मा
- कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम : भगवती प्रसाद बघेल
- कनिष्ठ उपाध्यक्ष द्वितीय : ममता कौशिक
- सह-सचिव तृतीय : दीपक कुमार लवानियाँ
चुनाव प्रक्रिया में मुख्य चुनाव अधिकारी अजय किशोर अरोड़ा, तथा चुनाव अधिकारी दिगम्बर सिंह सिसोदिया, दिनेश कुमार देशमुख, ठा. रवेन्द्रपाल सिंह, अजय कुमार गुप्ता, प्रवीन कुमार चौधरी, कृष्णकान्त शर्मा सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।





