फिरोजाबाद। सोमवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भाजपा महानगर द्वारा आठ किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे।
पदयात्रा बालकिशन गुप्ता की बगीची एडवासं वाटिका से प्रारंभ होकर कोटला रोड, गंज चौराहा, घंटाघर, अग्रवाल धर्मशाला, रामनगर, श्यामनगर, मेहताब नगर, विष्णु के नगला, छोटेलाल इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी और कर्बला चौराहा होते हुए अटल पार्क में पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान पूरा मार्ग जनसैलाब से भरा रहा। लोग अपने घरों से निकलकर तिरंगों के साथ प्रतिभागियों का स्वागत करते दिखे। बच्चों ने छोटे झंडे लहराए, जबकि युवा कार्यकर्ताओं ने बड़े राष्ट्रीय ध्वज के साथ उत्साहपूर्वक पदयात्रा में भाग लिया। देशभक्ति के गीतों और नारों ने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया।
पदयात्रा का उद्देश्य सरदार पटेल की जयंती मनाना और उनके राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं 562 रियासतों के एकीकरण के ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुँचाना था। अटल पार्क में आयोजित समापन कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्षों और देश को एक सूत्र में पिरोने की उनकी अद्भुत भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
पदयात्रा में नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
सरदार पटेल की जयंती पर भाजपा ने निकाली पदयात्रा





