हाथरस। भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा के स्वागत में हाथरस शहर उत्साह से भर उठा। उनके आगमन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। वाहनों के लंबे काफिले के साथ आयोजित रोड शो में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वैश्य समाज, व्यापारी वर्ग तथा विभिन्न समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रोड शो के दौरान रास्ते में जगह-जगह स्वागत किया गया। मंडी समिति पर डॉ. भरत यादव के नेतृत्व में सैकड़ों लोग एकत्र हुए और फूल-मालाओं से नवाजते हुए गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद अन्य समाजों के लोगों ने भी ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया। काफिला जैसे-जैसे शहर में आगे बढ़ता गया, भीड़ लगातार बढ़ती चली गई।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपना रोड शो प्रारंभ किया। इसके पश्चात काफिला राम दरबार पहुँचा, जहाँ उन्होंने पूजा-अर्चना की। अंततः भाजपा कार्यालय पर रोड शो का समापन हुआ, जहाँ पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य सहित अनेक पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
भाजपा कार्यालय पर लोकसभा सांसद, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य समेत सैकड़ों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में पूरे उत्साह के साथ नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।





