• Home
  • कानपुर नगर
  • कर्मचारी कल्याण समन्वय समिति की बैठक में बजट 2026 व स्थापना दिवस पर महत्वपूर्ण निर्णय

कर्मचारी कल्याण समन्वय समिति की बैठक में बजट 2026 व स्थापना दिवस पर महत्वपूर्ण निर्णय

कानपुर। कर्मचारी कल्याण समन्वय समिति के संचालक मंडल की नियमित बैठक समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ बैंक नेता रजनीश गुप्ता की अध्यक्षता में बैंक ऑफ बड़ौदा, सिविल लाइंस शाखा स्थित AIBOBECC यूनियन कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम 20 जुलाई 2025 की बैठक कार्यवाही को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2025 के प्रारंभ में आठवें वेतन आयोग की घोषणा के बाद गत माह इसका गठन भी कर दिया गया है। समिति ने सरकार से मांग की कि बजट 2026 तथा आयोग की सिफारिशों में वर्किंग क्लास एवं पेंशनरों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाए। इस संबंध में समिति द्वारा शीघ्र ही विस्तृत ज्ञापन सरकार को भेजा जाएगा।

समिति की नियमावली में प्रस्तावित आवश्यक संशोधनों को उपसमिति द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिन्हें अगली आमसभा में अनुमोदन हेतु रखा जाएगा। साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि समिति का स्थापना दिवस नववर्ष 2026 में 24 जनवरी को भव्य रूप से मनाया जाएगा।

बैठक में सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं कामगार संगठनों से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त संघर्ष हेतु विभिन्न कमेटियों/प्रकोष्ठों के गठन का निर्णय लिया गया। आगामी आंदोलन के लिए जिन प्रमुख मुद्दों पर रणनीति बनाने पर सहमति बनी, वे इस प्रकार हैं—

  • नई पेंशन योजना (NPS/UPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए।
  • सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगाई जाए तथा सभी रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति के साथ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को श्रम कानूनों के तहत नियमित किया जाए।
  • मृतक आश्रित भर्ती में 5 प्रतिशत सीलिंग हटाकर शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
  • नए चार श्रम संहिता कानूनों को रद्द किया जाए।
  • बीमा क्षेत्र में 100% एफडीआई का विरोध किया गया।
  • बिजली बिल संशोधन 2022 को रद्द कर वितरण प्रणाली के निजीकरण का प्रस्ताव समाप्त किया जाए।
  • निजी क्षेत्र की एकाधिकारवादी कंपनियों पर नियंत्रण किया जाए।

अंत में अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने सभी सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त किया। सदस्य राजाभरत अवस्थी की माताजी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित कर बैठक का समापन किया गया।

बैठक में अध्यक्ष रजनीश गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, महामंत्री शरद प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजीव निगम, उपाध्यक्ष प्रो. बी. डी. पांडेय, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार भाटिया, मंत्री एस. के. साहू, संगठन मंत्री कामाख्या प्रसाद मिश्रा, सर्वेश तिवारी, शिवेंदु श्रीवास्तव, कमल अग्रवाल, छविलाल यादव, सुरेश सचान, ऑडिटर पी. के. शर्मा, अरविंद द्विवेदी, सत्य प्रकाश तिवारी, रमाकांत गुप्ता, अशोक तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top