• Home
  • हाथरस
  • शहर में क्रिसमस की तैयारियां शुरू, सेंट मार्क चर्च सजा

शहर में क्रिसमस की तैयारियां शुरू, सेंट मार्क चर्च सजा

हाथरस। शहर में क्रिसमस पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। अलीगढ़ रोड स्थित सेंट मार्क चर्च को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। चर्च परिसर में रंग-बिरंगी लाइटें, क्रिसमस ट्री, गुब्बारे, झंडियां, क्रॉस सहित अन्य धार्मिक प्रतीकों से साज-सज्जा की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है।

क्रिसमस को लेकर मसीह समाज और चर्च से जुड़े परिवारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चर्च से जुड़े लोगों ने बताया कि रविवार से लगातार धार्मिक आयोजन किए जाएंगे, जिनमें विशेष प्रार्थना सभा, आराधना, बाइबिल पाठ और उपदेश शामिल रहेंगे।

रविवार को सेंट मार्क चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मसीह समाज के लोगों ने भाग लिया। प्रार्थना सभा के दौरान प्रभु यीशु मसीह के जन्म से जुड़े संदेशों पर प्रकाश डाला गया और विश्व शांति, प्रेम व भाईचारे की कामना की गई।

चर्च में क्रिसमस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाटिकाओं और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों की भी तैयारियां की जा रही हैं। बच्चे सांता क्लॉज की पोशाक में नजर आए, जबकि युवा वर्ग चर्च की सजावट और व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग कर रहा है।

उधर, शहर के बच्चों और युवाओं में भी क्रिसमस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top