फिरोजाबाद। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर जिले में किसान मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई, जिसमें विशेष रूप से जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस दौरान जिले भर से आए सैकड़ों किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन परिसर में आयोजित किसान मेले का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रुहन वैश्य ने संयुक्त रूप से किया। मेले में किसानों को पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन जैसे सहायक व्यवसायों के प्रति भी प्रेरित किया गया, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मी नारायण ने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह ने किसानों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए। वर्तमान सरकार भी किसानों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और किसानों को सीधे उनके खातों में सम्मान निधि प्रदान की जा रही है। सरकार का मानना है कि देश का विकास तभी संभव है जब किसान खुशहाल होगा।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रुहन वैश्य ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की जयंती पर हर वर्ष कृषि विभाग के अंतर्गत किसान मेले का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद के किसानों ने तिलहन और ज्वार उत्पादन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो जिले के लिए गौरव की बात है। जिले के किसान खेती में लगातार नए प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें जैविक खेती, फूलों की खेती और विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन शामिल है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीडी कृषि सत्येन्द्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह, उप शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार, स्थानीय प्रभारी राधवेन्द्र सिंह, जिला मत्स्य अधिकारी नीरज सिन्हा, जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कमाल खान, मुख्य सेविका अनीता सिंह, नीलम सिंह सहित अनेक विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





