हाथरस। जनपद में रविवार को घने कोहरे का कहर देखने को मिला। पूरे दिन कोहरा और बादल छाए रहने से मौसम में तेज गलन बनी रही। एक दिन की राहत के बाद अचानक बढ़ी ठंड से लोग ठिठुरते नजर आए। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने जगह-जगह लकड़ी एकत्र कर अलाव जलाए और गर्म कपड़ों का सहारा लिया।
रात के समय फिर से घना कोहरा छा गया, जिससे सोमवार सुबह तक दृश्यता कम बनी रही। दोपहर के समय शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया। ठंडी हवाओं के कारण लोगों की कंपकंपी छूटती रही। शीतलहर से पशुपालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कोहरे के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। वाहन चालकों को लाइट जलाकर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने पड़े। दिनभर धूप न निकलने से लोग कपड़े सुखाने के लिए भी परेशान रहे। गलन भरी ठंड और शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
कोहरे और शीतलहर ने बढ़ाई ठंड, जनजीवन प्रभावित





