• Home
  • कानपुर देहात
  • उप मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों को वितरित किए कंबल, नववर्ष की दी शुभकामनाएं

उप मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों को वितरित किए कंबल, नववर्ष की दी शुभकामनाएं

पंडित अनुपम दुबे: कानपुर देहात। शीतलहर से प्रभावित बुजुर्गों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी के तत्वावधान में “नया साल बुजुर्गों के साथ” कार्यक्रम का आयोजन मैथा तहसील क्षेत्र के रामजानकी महाविद्यालय, बैरी असई परिसर में किया गया।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 10 हजार बुजुर्गों को गर्म कंबलों का वितरण किया गया। इसके साथ ही बुजुर्गों के सम्मान और आत्मीयता के भाव से उनके लिए विशाल महाभोज की भी व्यवस्था की गई। मैथा मंडल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुजुर्गों को कंबल वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल मंत्र सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सहायता को पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में उपस्थित कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि शीतलहर के बीच इस तरह का आयोजन जनप्रतिनिधियों की संवेदनशील सोच को दर्शाता है और इससे समाज के कमजोर व बुजुर्ग वर्ग को प्राथमिकता मिलती है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र में पड़ रही भीषण ठंड को देखते हुए मैथा मंडल के प्रत्येक गांव से बुजुर्गों को आमंत्रित किया गया, ताकि उन्हें समय रहते राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि कंबल वितरण के साथ भोजन और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उप मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, सभी अतिथियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यक्रम में शामिल बुजुर्गों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुयंष्त कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top