फिरोजाबाद। सुहागनगरी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती विभिन्न कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा एवं सम्मानपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने सुभाष तिराहा स्थित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर के नेतृत्व में मां भारती के अमर सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर सुभाष चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर डॉ. दिवाकर ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को प्रतिवर्ष पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने अपने स्वतंत्रता के आह्वान से लाखों भारतीयों में साहस, आत्मविश्वास, एकता एवं राष्ट्रवाद की भावना का संचार किया।
डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि आज़ाद हिंद फौज के माध्यम से नेताजी ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को निर्णायक नेतृत्व प्रदान करते हुए उसे वैश्विक मंच तक पहुंचाया। उनका निडर नेतृत्व, अदम्य साहस और भारत की स्वतंत्रता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता पराक्रम का सच्चा उदाहरण है। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
इस अवसर पर महानगर महामंत्री केशव फौजी, आनंद अग्रवाल, महानगर उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, नमन बंसल, राम लढेती उर्फ लकी, दीपक गुप्ता (कालू), शैलेंद्र गुप्ता (शालू), आकाश गुप्ता, मनीष राठौर, राजकुमार छब्बर, रूपेश बघेल, प्रमोद बघेल, विनय विद्यार्थी, रजत राठौर, अशोक राठौड़, आकाश गर्ग सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त दुर्गा नगर स्थित सुभाष दीक्षित के आवास पर भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई, जहां बबलू चतुर्वेदी, सुरेश चंद्र शर्मा (सनातन गांधी), विनोद गुप्ता, हरिओम वर्मा, प्रमोद राजोरिया, मिजाजी लाल कुशवाहा, सरोज शर्मा, मुन्नु तैलंग, हिमांशु दीक्षित, मोनू दीक्षित, अंकित शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर निगम द्वारा महापौर कामिनी राठौर के नेतृत्व में अधिकारियों एवं पार्षदों ने सुभाष तिराहा स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। इसके अलावा कायस्थ महासभा, कांग्रेस पार्टी एवं समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने भी नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।





