आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर प्रसाद के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों और रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष मदान की उपस्थिति में आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर लोको पायलट, सहायक लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर लॉबी में एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा यात्रा के दौरान आने वाले यात्रियों को मौके पर ही आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 45 लाभार्थियों ने भाग लिया। आगरा मंडल की चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव एवं कार्यस्थल पर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस स्वास्थ्य शिविर से रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को प्रत्यक्ष लाभ मिला। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए रेल प्रशासन एवं मंडल चिकित्सालय, आगरा के प्रति आभार व्यक्त किया। आगरा मंडल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की योजना बनाई जा रही है, ताकि कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा यात्रियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित पहुंच सुनिश्चित की जा सके।





