➯ 15 फरवरी को शाम 5:02 बजे होगा झंडारोहण
विश्व बंधु शास्त्री: बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद स्थित ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर पर फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले प्रसिद्ध मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कलेक्ट्रेट सभागार में मंदिर समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मेले के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पुरा महादेव मंदिर पर 14 से 16 फरवरी तक मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 15 फरवरी को शाम 5 बजकर 2 मिनट पर झंडारोहण संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सुगम आवागमन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में मजबूत और पक्की बैरिकेटिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जलाभिषेक के समय श्रद्धालु एक स्थान पर एकत्रित न हों और आवागमन लगातार बना रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहें। यदि कोई दुकान खुली पाई जाती है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। मेला परिसर में लगने वाली सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगी होनी चाहिए।
जल निगम और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मेला परिसर का कोई भी हैंडपंप खराब न रहे। जो खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए और सभी हैंडपंपों की टेस्टिंग कराई जाए। इसके साथ ही मेला परिसर में स्थित पानी की टंकियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें। पीडब्ल्यूडी विभाग को टूट रही सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाने, डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने और उनके संपर्क नंबर जगह-जगह प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की व्यवस्था रखने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने मेला परिषद को पूरे मेला क्षेत्र को सेक्टरों में विभाजित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने निर्देश दिए कि वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था परशुराम खेड़ा में की जाए। फायर ब्रिगेड की गाड़ी मेला परिसर में तैनात रहे। सभी दुकानों का सत्यापन कराया जाए। पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रहने चाहिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राहुल वर्मा, एसडीएम बागपत एवं मेला मजिस्ट्रेट अमरचंद वर्मा, डिप्टी कलेक्टर ज्योति शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जय भगवान शर्मा और मंदिर समिति के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।





