श्याम बिहारी भार्गव: आगरा/मथुरा। “वंदे मातरम्” के 150वें वर्ष के गौरवपूर्ण अवसर पर आगरा मंडल के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा भव्य बैंड परफॉर्मेंस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल की अध्यक्षता में तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रणव कुमार सहित मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी एवं अन्य रेल अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
रेल सुरक्षा बल की प्रशिक्षित बैंड टीम द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और धुनों ने पूरे स्टेशन परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। यात्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बैंड कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
बैंड टीम में लक्ष्मीकांत कुशवाहा (बैंड इंचार्ज – ट्रम्पेट), धन सिंह (ट्रम्पेट), मणिकांत मिश्रा (क्लारिनेट), राजेश कुमार पटवारी (क्लारिनेट), गुंजन कुमार भारती (यूफोनियम), मुजफ्फर खान (टेनर ट्रॉम्बोन), निखिल कुमार (टेनर ट्रॉम्बोन), धर्मेन्द्र कुमार यादव (सिम्बल), वीरेन्द्र कुमार यादव (बेस ड्रम) एवं अंकित पांडेय (साइड ड्रम) शामिल रहे।
बैंड टीम द्वारा वंदे मातरम्, संदेशे आते हैं (फिल्म बॉर्डर), दिल दिया है जान भी देंगे (फिल्म कर्मा), तेरी मिट्टी में मिल जावां (फिल्म केसरी), कदम कदम बढ़ाए जा, ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम, सारे जहाँ से अच्छा, मेरा मुल्क मेरा देश मेरा ये वतन, जय हो तथा ऐ मेरे वतन के लोगों जैसी देशभक्ति धुनों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।
“वंदे मातरम्” के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में आरपीएफ द्वारा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसका अवलोकन मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल द्वारा किया गया।




