• Home
  • हाथरस
  • स्कूली वाहनों में डैश कैम अनिवार्य, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

स्कूली वाहनों में डैश कैम अनिवार्य, नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

हाथरस। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी स्कूली वाहनों में डैश कैम अनिवार्य रूप से लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का पालन न करने पर संबंधित वाहन और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान निर्देश दिए गए कि किसी भी स्कूली वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधकों को स्कूल वाहन सुरक्षा समिति का गठन सुनिश्चित करने, वाहन चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और वाहनों की फिटनेस जांच समय-समय पर कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को विद्यालय परिसर के अंदर ही सुरक्षित तरीके से वाहन से उतारा और बैठाया जाए। ई-रिक्शा के माध्यम से बच्चों के स्कूल आने-जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन का पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने जानकारी दी कि अगस्त से दिसंबर 2025 के बीच 347 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 41 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 32 पुराने और नियमों के अनुरूप न पाए गए वाहनों का पंजीकरण निरस्त किया जा चुका है।

बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top