फिरोजाबाद। मतदाता प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने फॉर्म-6 के संबंध में कम प्रगति दिखाने वाले सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि लक्ष्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों का वेतन काटा जाएगा।
समीक्षा में पाया गया कि कई एईआरओ के क्षेत्रों में फॉर्म-6 का जमा प्रतिशत 4 प्रतिशत से भी कम है। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से आशीष पाल, योगेंद्र कटियार, राजेश पाल, राजेश कुमार, डॉ यतेंद्र सिंह, शोर्य कुमार, सुनीता दुबे, मयंक यादव, डॉ रविकांत आदि के खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी एईआरओ यह सुनिश्चित करें कि कम से कम 15 प्रतिशत फॉर्म-6 अनिवार्य रूप से जमा होना चाहिए। जिन एईआरओ का प्रदर्शन खराब है, उनके अधीन कार्यरत खराब प्रदर्शन करने वाले बीएलओ के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, बॉटम श्रेणी वाले एईआरओ की सहायता करके फीडिंग की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि डाटा फीडिंग के दौरान किसी को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि लोगों की मदद की जानी चाहिए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





