विश्व बंधु शास्त्री: बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ शुरू किए गए व्यापक अभियान के तहत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई अब और तेज हो गई है। बड़ौत, अग्रवाल मंडी टटीरी, पिलाना, बिनौली, टिकरी सहित अन्य क्षेत्रों में की गई सख्त कार्रवाई के बाद अब खेकड़ा क्षेत्र में भी अवैध चिकित्सा पर कड़ा प्रहार किया गया है।खेकड़ा में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ऐसे झोलाछाप डॉक्टरों को चिह्नित किया, जो बिना किसी वैध योग्यता, डिग्री और पंजीकरण के बगैर खुलेआम क्लीनिक चला रहे थे। जांच में न तो उनके पास मान्य चिकित्सा डिग्री पाई गई और न ही किसी प्रकार का पंजीकरण। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्लीनिकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पहले से चल रहे जनपदव्यापी अभियान की निरंतर कड़ी है। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। बिना योग्यता इलाज करने वालों से न केवल मरीजों की जान को खतरा होता है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र पर अविश्वास भी पैदा होता है।
स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी कोई व्यक्ति बिना डिग्री और पंजीकरण के चिकित्सा सेवा देता पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधी एफआईआर और कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे इलाज से पहले चिकित्सक की योग्यता और पंजीकरण अवश्य जांचें तथा झोलाछाप गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।





