• Home
  • बागपत
  • जिला कारागार में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने को कौशल प्रशिक्षण शुरू

जिला कारागार में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने को कौशल प्रशिक्षण शुरू

विश्व बंधु शास्त्री: खेकड़ा, बागपत। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने शनिवार को जिला कारागार में विभिन्न उत्पादों के निर्माण से जुड़े कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान बंदियों ने अपने द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन भी किया।
कारागार प्रशासन द्वारा यह पहल बंदियों के कौशल विकास और रिहाई के बाद उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से की गई है। कार्यक्रम के अंतर्गत बंदियों को फाइल कवर निर्माण, पर्यावरण अनुकूल थैलों की सिलाई, इको-फ्रेंडली रेजिन आर्ट सहित अन्य उपयोगी व पर्यावरण हितैषी वस्तुओं के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा बंदियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। कारागार निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बंदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बंदियों को आय अर्जन के अतिरिक्त अवसर मिलेंगे। साथ ही अनुपयोगी वस्तुओं के पुनः उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रशिक्षण देने वालों में प्रेम कुमार, प्रकाश एवं सरफराज शामिल रहे। शुभारंभ अवसर पर जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य, तहसीलदार वृतिका श्रीवास्तव, जेलर कन्हैया लाल गुप्ता, डॉ. अमित गुप्ता, प्रशांत कुमार, कुंदन सिंह, रविकेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top