फिरोजाबाद। निजी स्कूल एसोसिएशन की महानगर इकाई का शपथ ग्रहण समारोह लिटिल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवगठित महानगर कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। नई महानगर कार्यकारिणी में रोशन लहरी को अध्यक्ष, चंद्रदेव शर्मा को उपाध्यक्ष, आशीष शर्मा को सचिव, खुशीलाल राना को कोषाध्यक्ष तथा रवि शर्मा को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण की। समारोह के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विश्वदीप सिंह ने कहा कि निजी शिक्षण संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने स्कूल संचालकों से शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा अनुशासन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. रजनी यादव ने कहा कि निजी स्कूल एसोसिएशन को सरकार की शिक्षा नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मयंक भटनागर ने की। समारोह में शहर के 100 से अधिक स्कूल संचालक, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
निजी स्कूल एसोसिएशन के समारोह में महानगर कार्यकारिणी को दिलाई गई शपथ
Releated Posts





