• Home
  • रायबरेली
  • ऊंचाहार विधायक ने मृतक लाइनमैन के परिजनों को बंधाया ढांढस, हर संभव मदद का दिया आश्वासन

ऊंचाहार विधायक ने मृतक लाइनमैन के परिजनों को बंधाया ढांढस, हर संभव मदद का दिया आश्वासन

पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। मृतक लाइनमैन के घर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। हटवा गांव निवासी सूरजभान, जो संविदा लाइनमैन था, शनिवार को करंट की चपेट में आकर झुलस गया था। गुरुवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। शनिवार को विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय मृतक लाइनमैन सूरजभान के घर पहुंचे, जहां उन्होंने पिता रामफेर, पत्नी सावित्री और मां देवकली से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया और पीड़ित परिवार के साथ हर समय खड़े रहने की बात कही। इस दौरान मृतक के बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग प्रदान करने का भरोसा भी दिया।इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि राजू यादव, झल्लर पांडेय, रज्जन दुबे बाबू जी, राजू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

यह है पूरा मामला :-

ज्ञात हो कि क्षेत्र के हटवा गांव निवासी संविदा लाइनमैन सूरजभान बीती 24 तारीख को विद्युत लाइन ठीक करते समय करंट लगने से हादसे का शिकार हो गया था, जिसकी गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शटडाउन के बावजूद विद्युत प्रवाह संचालित कर दिया गया था, जिससे यह घटना हुई। गुरुवार की शाम जब मृतक का शव उसके घर पहुंचा, तो परिजनों ने पहले अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए न्याय और मुआवजे की मांग की।

शुक्रवार की सुबह ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय के प्रतिनिधि के रूप में आशीष तिवारी, पूर्व डायरेक्टर जिला सहकारी बैंक, एसडीएम राजेश श्रीवास्तव, कोतवाल अजय राय और बिजली विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर मृतक लाइनमैन के घर पहुंचे। काफी देर तक बातचीत का दौर चला, जिसके बाद मौजूद अधिकारियों ने घोषणा की कि मृतक आश्रितों को उसकी कंपनी बीमा राशि के अलावा मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना का लाभ, मृतक की पत्नी को बिजली विभाग में संविदा पर नौकरी, पीएम आवास योजना का लाभ तथा बिजली कंपनी द्वारा अनुग्रह राशि दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top