रायबरेली। जनवरी 2026 में आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मेन) में संशिक्षा अकादमी, रायबरेली के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणामों में तीन विद्यार्थियों ने 99 से अधिक परसेंटाइल प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। संस्कार अग्रहरी ने 99.37 परसेंटाइल, अक्षत ने 99.07 परसेंटाइल तथा कृष्णा यादव ने 99.02 परसेंटाइल प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त 25 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 से ऊपर परसेंटाइल हासिल किए। इनमें आर्यन सिंह चौहान (98.54), आयुष सिंह चौहान (98.35), पारस संतनानी (98.04), अरीन चौरसिया (96 परसेंटाइल), अर्पण यादव (94.4), ईशांत (92), अर्जुन (92.68), दिव्या सिंह, जानवी सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
विशेष रूप से संस्कार अग्रहरी की सफलता क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। डीह क्षेत्र से संबंध रखने वाले संस्कार एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता की एक छोटी सी चाट की दुकान है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर 99.37 परसेंटाइल प्राप्त कर यह सिद्ध किया कि सफलता परिस्थितियों पर नहीं, बल्कि प्रयास और लगन पर निर्भर करती है।
संशिक्षा अकादमी के निदेशक नीरज कुमार सोनी, जो Indian Institute of Technology Kanpur से शिक्षित हैं, ने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और सुव्यवस्थित शैक्षणिक रणनीति का परिणाम है। उन्होंने बताया कि संस्थान में अनुशासन, नियमित टेस्ट प्रणाली और व्यक्तिगत मार्गदर्शन को विशेष प्राथमिकता दी जाती है, जो उत्कृष्ट परिणामों की आधारशिला है।





