रायबरेली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के घेराव के लिए लखनऊ जा रहे कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। जानकारी के अनुसार, अतुल सिंह को 16 फरवरी से ही नजरबंद कर दिया गया था। 17 फरवरी की सुबह जैसे ही वह लखनऊ के लिए रवाना होने लगे, रायबरेली पुलिस भारी संख्या में उनके आवास पर पहुंच गई और उन्हें लखनऊ जाने से रोक दिया।
इस दौरान अतुल सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पुलिस बल के सहारे विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा को बचाने और प्रदेश में गिरती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में विधानसभा का घेराव किया जाना था, लेकिन पुलिस ने अलोकतांत्रिक तरीके से उन्हें और अन्य कार्यकर्ताओं को लखनऊ जाने से रोक दिया। अतुल सिंह ने कहा कि यह तानाशाही ज्यादा दिन नहीं चलेगी और जनता सब देख रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी देशहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
इस मौके पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, अवधेश द्विवेदी, गोलू अग्रहरि, राजेश सिंह, करुणेंद्र सिंह, राजा तिवारी, अतुल मिश्रा, दिलीप गौतम, मोहम्मद रफी, आरबी सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, रमेश गौतम और राकेश सरोज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लखनऊ जाने की तैयारी में थे।





