सलोन, रायबरेली। नगर के ऊंचाहार रोड स्थित टाइम्स कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से ट्रिपल सी उत्तीर्ण छात्रों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी ने छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संस्था के संचालक अनीस अहमद को धन्यवाद देते हुए कहा कि गरीब बच्चों को निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण देकर उन्होंने सराहनीय कार्य किया है।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रशेखर रस्तोगी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सलोन के बच्चे व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में उच्च शिखर पर पहुंचकर कस्बे का नाम रोशन करेंगे। सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी एवं पूर्व सभासद इसरार हैदर रानू ने कहा कि सरकार की निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना से क्षेत्र के बच्चों का भविष्य संवर रहा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस योजना की जानकारी अन्य बच्चों को भी दें, ताकि अधिक से अधिक छात्र व्यावसायिक शिक्षा से जुड़ सकें। साथ ही जिन छात्रों को अभी प्रमाण पत्र नहीं मिला है, वे और मेहनत कर परीक्षा उत्तीर्ण करें। कार्यक्रम में टाइम्स कॉन्वेंट के प्रिंसिपल नफीस अहमद तथा मोहम्मद तैयब खान ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





