फिरोजाबाद। जनपद के अरांव विकास खंड में मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 137 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। आवास की स्वीकृति मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर विकास खंड कार्यालय अरांव के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं ब्लाक प्रमुख कमलेश राजपूत उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों, बंजारा समाज तथा दैवीय आपदा से प्रभावित लोगों को मुख्यमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई है, जिनका वितरण गुरुवार को किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार जो वादा करती है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाती है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शिव गोविंद सिंह सहित राजेश कुमार, दिगविजय सिंह, कल्याण सिंह, अनिकेत कुमार, मोहित यादव, अफजल सिद्दीकी, अमन प्रसाद, पीयूष कुमार, नितेश कुमार, दिवाकर कुमार, श्रीमती संध्या किरण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





