• Home
  • हाथरस
  • सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

हाथरस। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील सासनी में जनसुनवाई की। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर जाकर मुआयना करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

तहसील सासनी के सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की शिकायतों को एक-एक कर सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुलाकर कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। भूमि विवाद सहित अन्य प्रकरणों में सभी पक्षों की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण कर समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही समाधान पंजिका में दर्ज शिकायतों की आख्या का अवलोकन कर निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान सासनी तहसील में कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया। हाथरस तहसील में प्राप्त 39 शिकायतों में से 3, सादाबाद तहसील में 11 में से 1 तथा सिकंदराराऊ तहसील में 59 में से 4 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी सासनी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top