रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार जनपद की विभिन्न तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसुनवाई के साथ-साथ राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण किया गया।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने तहसील महराजगंज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह ने तहसील सदर तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव ने तहसील डलमऊ में सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग कर जनसामान्य की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण करते हुए तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित अविवादित नामांतरण के प्रकरणों की विशेष समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी न्यायालय में लंबित धारा-24 पैमाइश एवं खतौनी सुधार से संबंधित मामलों की भी गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों की प्रतिदिन सुनवाई कर गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित समाधान हो सके।





