• Home
  • फिरोजाबाद
  • 6.5 लाख के बकाए पर 55 घरों की बिजली काटी गई, मीटर किए गए जब्त

6.5 लाख के बकाए पर 55 घरों की बिजली काटी गई, मीटर किए गए जब्त

फिरोजाबाद। पावर कॉरपोरेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बकाएदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम के साथ डोर टू डोर अभियान चलाया गया। इस दौरान लाखों रुपये का बकाया जमा न करने वाले 55 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि कुछ घरों के मीटर उतारकर जब्त कर लिए गए।

अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) चंद्रजीत सिंह के निर्देश पर अधिशासी अभियंता अमित कुमार के नेतृत्व में एसडीओ सत्यप्रकाश सिंह ने विजिलेंस टीम के साथ गांव नसीरपुर में चेकिंग अभियान चलाया। विभागीय टीम के पहुंचते ही गांव में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान 55 उपभोक्ताओं पर करीब 6.5 लाख रुपये का बकाया पाया गया, जिस पर उनके कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए। साथ ही कुछ उपभोक्ताओं के मीटर उतारकर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।

एसडीओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि बकाएदार उपभोक्ताओं को कई बार बकाया राशि जमा करने के लिए नोटिस दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में भुगतान न होने पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान अवर अभियंता नसीरपुर रामयज्ञ, संविदाकर्मी, पुलिस बल सहित विद्युत विभाग का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top