फिरोजाबाद। तहसील सिरसागंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों पक्षों को साथ बैठाकर आपसी समन्वय से समस्याओं का समाधान कराया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिरसागंज, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





