मुंबई। मुंबई महानगर के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद एवं समाजसेवी गिरीश चंद्र पांडेय को दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में विद्या वाचस्पति (समतुल्य पीएचडी) उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा, साहित्य, कला एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह उपाधि पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ, वृंदावन धाम, मथुरा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय हिंदी संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में प्रदान की गई। समारोह में यह सम्मान समाजसेवा, संस्कृति, शिक्षा और मानवीय मूल्यों के प्रति निरंतर साधना का प्रतीक माना गया। उपाधि का प्रावधान विद्या पीठ की प्रबंध समिति के निर्णयानुसार और कुलपति डॉ. इंद्र भूषण मिश्र के कर कमलों द्वारा किया गया।
गिरीश चंद्र पांडेय ने अपने शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से शिक्षा जगत में नई रोशनी फैलाई है। शिक्षा क्षेत्र के विद्वानों और चन्द्र शेखर मेमोरियल हाय स्कूल बदलापुर के शिक्षा प्रेमियों ने उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
पांडेय जी मुंबई जिले और आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कुशल संचालन के साथ-साथ सामाजिक प्रतिष्ठानों को मार्गदर्शन प्रदान करने का सराहनीय कार्य करते रहे हैं, जिससे उन्हें शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान मिली है।





