• Home
  • फिरोजाबाद
  • नवीन गल्ला मंडी में 1.20 करोड़ से बनेंगी 14 दुकानें, जलभराव से मिलेगी राहत

नवीन गल्ला मंडी में 1.20 करोड़ से बनेंगी 14 दुकानें, जलभराव से मिलेगी राहत

फिरोजाबाद। सदर विधायक के अथक प्रयासों से कोटला रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी समिति में 1 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों में 14 नई दुकानों का निर्माण, मैनहोल कवर लगाना, मुख्य गेट की मरम्मत तथा रंगाई-पुताई शामिल है। यह समस्त निर्माण कार्य राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा कराया जाएगा।

रविवार को सदर विधायक मनीष असीजा ने नवीन गल्ला मंडी समिति में हवन-पूजन कर 1 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मंडी समिति किसानों और व्यापारियों की रीढ़ होती है, इसलिए यहां बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना बेहद आवश्यक है। नई दुकानों के निर्माण से व्यापारियों को बेहतर स्थान उपलब्ध होगा, वहीं जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होने से बारिश के समय किसानों और आढ़तियों को होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।

विकास कार्यों की शुरुआत पर व्यापारियों और किसानों ने विधायक तथा मंडी प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से मंडी की तस्वीर बदलेगी और व्यापार को नई गति मिलेगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में सुनील शर्मा, सत्यवीर गुप्ता, गेंदालाल राठौर, हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, उषा राठौर, अमित गुप्ता, भगवानदास शंखवार, अम्बेश शर्मा, रविन्द्र शर्मा, सुनील पेगोरिया, मंडी सचिव अभिषेक कुमार सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top