• Home
  • रायबरेली
  • मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर प्रतिदिन दो घंटे बैठेंगे बीएलओ, डीएम हर्षिता माथुर ने दिए निर्देश

मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर प्रतिदिन दो घंटे बैठेंगे बीएलओ, डीएम हर्षिता माथुर ने दिए निर्देश

रायबरेली। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद में समाविष्ट छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 177-बछरावां (अजा), 179-हरचन्दपुर, 180-रायबरेली, 181-सलोन (अजा), 182-सरेनी एवं 183-ऊंचाहार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत नोटिसों की सुनवाई का कार्य लगातार जारी है। अब तक लगभग 40 हजार से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कार्य में तेजी लाने तथा मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी 2451 मतदान बूथों पर बीएलओ प्रतिदिन दो घंटे उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता अनंतिम मतदाता सूची देख सकेंगे तथा फार्म छह, सात एवं आठ भरवाने की सुविधा भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही एसआईआर से संबंधित सभी जानकारियां भी बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि जनपद की छह तहसीलों सहित कुल 42 केंद्रों पर नोटिसों की सुनवाई का कार्य किया जा रहा है, जहां फार्म छह, सात एवं आठ भरे जा रहे हैं। अब तक लगभग 75 हजार से अधिक मतदाताओं द्वारा फार्म छह भरे जा चुके हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ एवं एसआईआर से जुड़े अधिकारियों को एक माह का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है, जिससे कार्य को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए आयोग ने सभी बीएलओ को प्रतिदिन दो घंटे बूथ पर बैठने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र की अनंतिम मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियों में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। नोटिस चरण, प्रवेश अधिकार पर निर्णय एवं दावे-आपत्तियों के निपटान की अवधि 27 मार्च 2026 तक, स्वास्थ्य मापदंडों की जांच 03 मार्च 2026 तक तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top