• Home
  • रायबरेली
  • इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में 05 दिवसीय रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में 05 दिवसीय रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

रायबरेली। इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय, रायबरेली में 09 फरवरी को 05 दिवसीय रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर (09 से 13 फरवरी 2026 तक) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विन्ध्य विनय, प्रभारी थाना मिल एरिया, रायबरेली एवं कार्यक्रम अध्यक्षा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रीती तिवारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

रेंजर्स शिविर के प्रथम सत्र में प्राचार्या डॉ. प्रीती तिवारी द्वारा ध्वज शिष्टाचार कराया गया, झंडे को सलामी दी गई तथा रेंजर्स से प्रार्थना करवाई गई। इसके पश्चात रेंजर्स प्रभारी श्रीमती शालिनी कनौजिया द्वारा प्राचार्या, मुख्य अतिथि, प्रशिक्षक श्रीमती साधना शर्मा एवं श्रीमती प्रतिमा सिंह का बुके, बैज एवं स्कार्फ भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कुलगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विद्या प्रजापति, शालिनी, साक्षी सहित अन्य रेंजर्स द्वारा प्रस्तुत की गईं। शिविर की रूपरेखा एवं रेंजर्स आंदोलन के इतिहास पर रेंजर्स प्रभारी श्रीमती शालिनी कनौजिया ने विस्तार से प्रकाश डाला।

उद्बोधन क्रम में रेंजर प्रशिक्षिकाएं श्रीमती साधना शर्मा एवं श्रीमती प्रतिमा सिंह ने रेंजर्स को संबोधित करते हुए शिविर की महत्ता, उद्देश्यों एवं बेडेन पावेल के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रेंजर्स संस्था बच्चों की क्षमताओं का विकास कर उन्हें आत्मनिर्भर, मुखर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाती है।

मुख्य अतिथि विन्ध्य विनय ने रेंजर्स को आशीर्वचन देते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर छात्राओं में व्यक्तित्व विकास, स्वअनुशासन एवं मर्यादा का पालन करना सिखाते हैं। रेंजर्स की विशेष यूनिफॉर्म छात्राओं में राष्ट्रसेवा, समाजसेवा एवं प्रकृति सेवा की भावना का विकास करती है। शिविर के माध्यम से अर्जित गुण जीवन भर साथ रहते हैं और राष्ट्र निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने युवाओं से ‘सेवा परमोधर्मः’ के सिद्धांत को आत्मसात करने का आह्वान किया।

प्राचार्या डॉ. प्रीती तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेंजर्स गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक सेवा की भावना विकसित होती है। यह मंच छात्राओं को सशक्त बनाकर समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रथम दिवस के द्वितीय सत्र का शुभारंभ व्यायाम एवं प्रार्थना के साथ हुआ। इस सत्र में स्काउट एवं गाइड संस्था, रायबरेली की प्रशिक्षिकाओं द्वारा रेंजर्स को बी.पी.-06, ध्वज शिष्टाचार, रेंजर्स का परिचय एवं उद्देश्य, झंडा गीत आदि के विषय में प्रशिक्षण दिया गया। संपूर्ण गतिविधियों की निगरानी रेंजर्स प्रभारी श्रीमती शालिनी कनौजिया द्वारा की गई।

कार्यक्रम का मंच संचालन रेंजर प्रभारी श्रीमती शालिनी कनौजिया एवं धन्यवाद ज्ञापन रेंजर सह-प्रभारी श्रीमती गौसिया नायाब द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह, श्रीमती शिखा मौर्या, डॉ. राम दर्शन, डॉ. ऋचा सिंह, श्रीमती प्रियंका, डॉ. स्नेहा सिंह, डॉ. सलोनी भसीन, डॉ. स्वर्णिमा जायसवाल, श्रीमती गायत्री मिश्रा, शशांक सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top