फिरोजाबाद। थाना साइबर अपराध पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विद्यालय में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। माता प्रसाद कलावती देवी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साइबर वॉलंटियर मोहन दीक्षित ने बताया कि जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी, फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी व लिंक के माध्यम से साइबर फ्रॉड, ओटीपी एवं बैंक विवरण साझा करने के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साइबर अपराध प्रभारी राजेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ठगी करने वालों से सतर्क रहें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ठगी की जानकारी मिले तो तुरंत साइबर थाने में सूचना दें। उन्होंने सभी से डिजिटल सुरक्षा नियमों का पालन करने और जागरूक रहने की अपील की।





