• Home
  • हाथरस
  • सिंचाई विभाग की लापरवाही: सड़क काटकर छोड़ी, 30 गांवों का संपर्क टूटा

सिंचाई विभाग की लापरवाही: सड़क काटकर छोड़ी, 30 गांवों का संपर्क टूटा

पंद्रह दिनों से पुल निर्माण कार्य ठप, वैकल्पिक मार्ग न होने से ग्रामीण और स्कूली बच्चे परेशान
विभाग की लापरवाही, सड़क काटकर छोड़ी गई पुलिया

हाथरस। सासनी तहसील क्षेत्र के ग्राम जगीपुर में विकास के नाम पर ग्रामीणों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चौपाल सागर हाईवे से जुड़ने वाली महत्वपूर्ण लिंक रोड को पुल निर्माण के लिए काटे जाने के बाद पिछले 15 दिनों से कार्य बंद पड़ा है। इस लापरवाही के कारण क्षेत्र के लगभग 30 गांवों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। ग्रामीणों को सासनी, हाथरस और अन्य गंतव्यों तक पहुंचने के लिए 7 से 8 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सिंचाई विभाग, अलीगढ़ खंड के ठेकेदार ने नाले का पानी मोड़ने के लिए सड़क तो काट दी, लेकिन न तो पुल का निर्माण शुरू किया और न ही कोई वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया। मौके पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, दोपहिया वाहन आए दिन यहां फिसल रहे हैं। रात के समय यह स्थान राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

क्या कहते हैं ग्रामीण

“पुलिया निर्माण से पहले ठेकेदार को वैकल्पिक मार्ग बनाना चाहिए था। बिना तैयारी के सड़क काटकर ग्रामीणों को मुसीबत में डाल दिया गया है।”
— अनिल कुमार जादौन, पूर्व प्रधान, जगीपुर

“इस मार्ग से हजारों लोग रोजाना सासनी और हाथरस जाते हैं। अब लंबा चक्कर लगाने से समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।”
— रामकिशन, निवासी वीर नगर

गांव दरकोला निवासी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़क बाधित होने से बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं, खोरना निवासी अजय कुमार रावत ने प्रशासन और ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जब ठेकेदार अंकुर कुमार से दूरभाष पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ तकनीकी कारणों से कार्य रुका हुआ था। उन्होंने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर निर्माण कार्य पुनः शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top