हाथरस। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में कंचन नगर स्थित उनके आवास के बाहर चल रहा धरना चौथे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल और आसपास भारी पुलिस बल तैनात है। पीएसी की भी तैनाती की गई है, जबकि धवरैया से मिलने आने वाले लोगों को पुलिस द्वारा रोक दिया गया।
यह धरना चार दिन पूर्व तब शुरू हुआ था, जब स्थानीय प्रशासन ने सवर्ण परिषद और अन्य संगठनों द्वारा हाथरस से दिल्ली तक प्रस्तावित पदयात्रा को अनुमति नहीं दी और पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया। धरने के पहले दिन निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए थे, जो बाद में धरना स्थल से चले गए। धवरैया के अनुसार, वे संगठनात्मक कार्यों के चलते बाहर गए हैं और शीघ्र लौटेंगे।
पंकज धवरैया ने कहा कि उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन अन्य हिंदू आयोजनों को अनुमति देता है, जबकि उनकी पदयात्रा को रोका गया। उन्होंने घोषणा की कि धरना 12 फरवरी तक चलेगा, इसके बाद आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। उनकी मांग है कि या तो पदयात्रा की अनुमति दी जाए या प्रधानमंत्री से मुलाकात कर यूजीसी कानून वापस लेने और एससी-एसटी एक्ट समाप्त करने की मांग रखी जाए। भारी पुलिस तैनाती के कारण कंचन नगर और आसपास के निवासियों को आवागमन एवं दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।





