हाथरस। सासनी क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए आर्यावर्त बैंक, सासनी के शाखा प्रबंधक विवेक प्रताप सिंह ने सराहनीय पहल की है। उनके सहयोग से स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में लंबे समय से खराब पड़े पांच कंप्यूटरों की मरम्मत कराई गई, जिससे विद्यालय की कंप्यूटर लैब पुनः सक्रिय हो सकी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन पालीवाल ने बताया कि बैंक प्रबंधक ने स्वयं रुचि लेकर कंप्यूटर लैब को पुनर्जीवित कराने का प्रयास किया। विशेषज्ञों द्वारा पांचों कंप्यूटरों की सफलतापूर्वक मरम्मत की गई, जो अब पूरी तरह चालू अवस्था में हैं। कंप्यूटर ठीक होते ही छात्रों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने डिजिटल लर्निंग एवं कंप्यूटर अभ्यास शुरू कर दिया।
इस अवसर पर विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य है और संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। अब विद्यालय के छात्र आधुनिक तकनीक के साथ शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।





