हाथरस। अल्हड़ संगीत शिक्षालय के होनहार विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। शिक्षालय के छात्र राघव शर्मा ने शास्त्रीय गायन (युवा वर्ग) तथा माधव शर्मा ने तबला वादन (सोलो) प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्कृति मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में तहसील, जिला और मंडल स्तर से होते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रदेश स्तर पर चयन के पश्चात दोनों विद्यार्थियों को 26 जनवरी के अवसर पर प्रेरणा स्थल, कला ग्राम, लखनऊ में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर भी प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि पर मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने दोनों विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं संगीत प्रेमियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पर्यटन अधिकारी जरीना बानो तथा संगीत अध्यापिका आरती शर्मा भी उपस्थित रहीं।





