• Home
  • रायबरेली
  • चूली गांव के पीड़ितों को सरकार एवं निर्माणाधीन कंपनी 25-25 लाख की करे आर्थिक सहायता – अतुल सिंह

चूली गांव के पीड़ितों को सरकार एवं निर्माणाधीन कंपनी 25-25 लाख की करे आर्थिक सहायता – अतुल सिंह

रायबरेली। अतुल सिंह, प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी, ने ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के गौरा ब्लॉक स्थित चूली गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार बच्चियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घटना को अत्यंत दुःखद बताते हुए कहा कि इस हादसे से पूरा क्षेत्र स्तब्ध और व्यथित है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल बच्चियों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

अतुल सिंह ने बताया कि वह लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह ऊंचाहार क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं और क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के लिए समर्पित हैं। श्री सिंह ने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी गंगा एक्सप्रेसवे की निर्माणाधीन कंपनी ने पीड़ित परिवारों को कोई आर्थिक सहायता नहीं दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतना बड़ा हाईवे बन रहा है, लेकिन अभी एक्सप्रेसवे का संचालन शुरू न होने के बावजूद कटों पर किसी प्रकार की प्रभावी रोक नहीं लगाई गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

श्री सिंह ने मांग की कि गंगा एक्सप्रेसवे की निर्माणाधीन कंपनी एवं सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये तथा घायलों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए और घायलों का समुचित व निःशुल्क इलाज सुनिश्चित कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top