रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली एवं रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं सार्थक रही, जिसमें आरेडिका की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
भेंट के दौरान महाप्रबंधक श्री मिश्रा ने आरेडिका द्वारा अब तक निर्मित 15,000 से अधिक अत्याधुनिक रेल कोचों, फोर्ज्ड व्हीलों तथा पहली वंदे भारत ट्रेन के निर्माण और उसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कारखाना उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादन कर भारतीय रेलवे की क्षमता को निरंतर सशक्त बना रहा है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों—जैसे जल संरक्षण, हरित ऊर्जा पहल, रेल कौशल विकास योजना एवं वृक्षारोपण अभियान—की भी जानकारी दी। श्री मिश्रा ने बताया कि आरेडिका में भू-जल संरक्षण क्षमता बढ़कर 730 मिलियन लीटर हो चुकी है, जो सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर श्री मिश्रा ने अपनी चर्चित पुस्तकों ‘रेल्स थ्रू राज’ एवं ‘टेल्स फ्रॉम रेल्स’ की प्रतियां मुख्यमंत्री को भेंट कीं। उन्होंने बताया कि ‘रेल्स थ्रू राज’ ब्रिटिश काल में भारतीय रेलवे के विकास का तथ्यात्मक एवं शोधपरक विश्लेषण प्रस्तुत करती है, जबकि ‘टेल्स फ्रॉम रेल्स’ भारतीय रेल से जुड़ी 32 सत्य घटनाओं पर आधारित साहित्यिक कृति है, जो इतिहास, समाज और तकनीक के विभिन्न आयामों को उजागर करती है।
मुख्यमंत्री ने रेल कौशल विकास योजना, कम्पोस्ट खाद के माध्यम से भूमि सुधार एवं जल संरक्षण जैसे प्रयासों की सराहना की तथा कोच निर्माण में विश्वस्तरीय गुणवत्ता मानकों को अपनाने की सलाह दी। इस दौरान प्रधान मुख्य इंजीनियर एस.पी. यादव एवं सचिव, महाप्रबंधक आर.एन. तिवारी भी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर.एन. तिवारी ने दी।





