रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने आज जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, सलोन में नवनिर्मित शिक्षण कक्ष का लोकार्पण/उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा 03 अगस्त 2024 को विद्यालय का निरीक्षण किया गया था, जिसमें कक्षा 6 से कक्षा 8 तक संचालित कक्षाओं के भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में पाए गए थे। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान हेतु कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से विद्यालय में तीन नवीन कक्ष और शौचालयों के निर्माण के लिए 49.74 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत कराई गई। निर्माण कार्य के लिए 11 फरवरी 2025 को भूमि पूजन कर कार्य प्रारंभ किया गया था, जिसका आज लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सलोन चंद्र प्रकाश गौतम, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि बी.एल. पाल, संजीव राय सहित विद्यालय के कार्मिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।





