• Home
  • आगरा
  • आगरा मंडल में यात्रियों की सुविधा के लिए 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित

आगरा मंडल में यात्रियों की सुविधा के लिए 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित

मथुरा/आगरा। भारतीय रेल ने यात्रियों को सुरक्षित, सरल, त्वरित और पारदर्शी टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीकों को अपनाया है। इसी क्रम में आगरा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल में स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया है।

आगरा मंडल के अंतर्गत कुल 9 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित की गई हैं। इनमें आगरा छावनी – 7, मथुरा जंक्शन – 9, आगरा किला – 6, राजा की मंडी – 4, धौलपुर – 2, ईदगाह – 2, कोसी कलां – 2, भूतेश्वर – 2 और खेरली – 2 मशीनें शामिल हैं। इन स्टेशनों का चयन यात्रियों की अधिक संख्या, क्षेत्रीय महत्व और परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।

यात्रियों को एटीवीएम के उपयोग में मार्गदर्शन और सहायता देने के लिए फैसिलिटेटरों की भी तैनाती की गई है। फैसिलिटेटरों की मदद से टिकट क्रय प्रक्रिया सरल, तेज और सुविधाजनक होगी, जिससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी और प्रतीक्षा समय घटेगा।

इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों और डिजिटल तकनीक से कम परिचित यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। आगरा मंडल निरंतर यात्रियों की सुविधा, सेवा गुणवत्ता में सुधार और रेलवे सेवाओं को अधिक यात्री-अनुकूल बनाने के प्रयासरत है। भविष्य में भी इस तरह की जनहितैषी, तकनीक-आधारित एवं नवोन्मेषी पहलों को बढ़ाया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और संतोषजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top