20 उपभोक्ताओं ने मौके पर बिल जमा कर पाई राहत
फिरोजाबाद। सिरसागंज क्षेत्र में चलाए जा रहे राजस्व वसूली अभियान के तहत विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45.4 लाख रुपये के बकाया पर 90 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए तथा उनकी केबिलें जब्त कर लीं। अभियान के दौरान 20 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया बिजली बिल जमा कर राहत प्राप्त की। अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) चंद्रजीत सिंह एवं सिरसागंज खंड के अधिशासी अभियंता अमित कुमार के निर्देशन में उपखंड अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान में अवर अभियंता स्वतंत्र यादव, देवेंद्र कुमार, राहुल कुमार एवं दीपक सक्सैना सहित विभागीय टीम शामिल रही। टीम ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अरांव के अंतर्गत ग्राम सिरौलिया एवं नगला कोठी में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 90 उपभोक्ताओं पर लगभग 45.4 लाख रुपये का विद्युत बिल बकाया पाया गया। बकाया राशि जमा न करने पर संबंधित उपभोक्ताओं की केबिलें विद्युत पोल से काटकर जब्त कर ली गईं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ उपभोक्ताओं के मीटर भी उतारकर जब्त किए गए हैं। राजस्व वसूली के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





