फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शराब माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना टूंडला पुलिस ने एसओजी एवं सर्विलायंस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने ट्रक में तस्करी के लिए लाई जा रही 753 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत लगभग 92 लाख रुपये आंकी गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी टूंडला अनिल कुमार सिंह तथा सर्विलायंस/एसओजी प्रभारी प्रेमशंकर पांडे पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान से एक ट्रक में अंग्रेजी शराब की खेप तस्करी के लिए लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सर्विस रोड स्थित नगला महादेव के निकट चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या आरजे 09 जीसी 2359 को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में विभिन्न ब्रांडों की 753 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पेटियों में कुल 9036 लीटर शराब पाई गई।
पुलिस ने मौके से मदनलाल पुत्र जगदीश निवासी मोहल्ला मेघवालों का बास, थाना रामसर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी और इसी प्रकार वाहनों के माध्यम से लंबे समय से शराब की तस्करी कर रहा था। आरोपी के कब्जे से शराब के अतिरिक्त एक मोबाइल फोन एवं अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।





