ऊंचाहार (रायबरेली) | संवाददाता
ब्रह्माकुमारी द्वारा आयोजित त्रिमूर्ति शिव जयंती पर्व के अवसर पर हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष चंद्र कौशल ने सहभागिता की। उन्होंने ब्रह्मकुमारी परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मिशन समाज को नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित कर रहा है। नगर के गायत्री नगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिलाष कौशल ने कहा कि ब्रह्मकुमारी मिशन द्वारा दिया जा रहा शांति, संयम और स्व-परिवर्तन से विश्व-परिवर्तन का संदेश अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों, सेवा भाव और आध्यात्मिक जागरूकता के लिए समर्पित यह प्रयास समाज को सही दिशा देता है।
शिव अवतरण का बताया आध्यात्मिक रहस्य
कार्यक्रम में रायबरेली केंद्र की मुख्य संचालिका बहन ज्योति दीदी ने शिव अवतरण के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि परमात्मा शिव निराकार ज्योति स्वरूप हैं और जब वे धरती पर अवतरित होते हैं तो साधारण मानव तन में प्रवेश कर ब्रह्मा के माध्यम से नई सतयुगी दुनिया की स्थापना का संदेश देते हैं। उनके अनुसार, भगवान के आगमन से पुरुषोत्तम संगम युग का आरंभ होता है।
ध्वजारोहण और आरती का आयोजन
कार्यक्रम में बीके सपना, रमता दीदी, बीके शालिनी दीदी, अनीश, बृजेश यादव, डॉ. पी. कुमार, आशीष, छोटेलाल, सुंदर सिंह, शैलेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर ध्वजारोहण, शिव आरती, पूजन तथा प्रभु प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने शांति और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।





