पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। विधानसभा ऊंचाहार के रोहनिया ब्लॉक स्थित हमीदपुर बड़ा गांव के गौरीशंकर मंदिर धाम में रविवार को कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कार्यक्रम का आयोजन पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय द्वारा कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने सपत्नीक नीलम पांडेय के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान गौरीशंकर का जलाभिषेक कर की। इसके पश्चात 5100 कन्याओं के सामूहिक रूप से पैर पखार कर विधि-विधान से पूजन किया गया। कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद लिया गया।
कन्या पूजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम मंदिर परिसर में भजन संध्या का भी आयोजन हुआ। ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला यह कन्या पूजन एवं भंडारा सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में सहायक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं की सराहना की। कार्यक्रम में आशीष तिवारी, अभिलाष चंद्र कौशल, अनुराग पांडेय, प्रतीकराज पांडेय, विनय शुक्ला उर्फ बाबा, शिवपूजन, अरुण सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





