• Home
  • रायबरेली
  • ग्राम शिक्षा चौपाल एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, छात्रों को किया गया सम्मानित

ग्राम शिक्षा चौपाल एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, छात्रों को किया गया सम्मानित

सलोन, रायबरेली। पीएम श्री विद्यालय धरई का वार्षिकोत्सव, ग्राम शिक्षा चौपाल एवं खेलकूद प्रतियोगिता एसएमसी अध्यक्ष हरिश्चंद्र की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता, नृत्य एवं एकांकी प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती उमा मिश्रा और कलावती के साथ जूनियर हाई स्कूल के शिक्षक रंजीत साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

समस्त कार्यक्रम का आयोजन सुधा कुमारी वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मोहम्मद इस्माइल खान ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम शिक्षा चौपाल जैसे आयोजन विद्यालय, अभिभावक और बच्चों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटों के साथ बेटियों को भी समान रूप से शिक्षित कर विद्यालय की मुख्य धारा से जोड़ें।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तस्लीम राबिया, स्टाफ एवं एसएमसी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्रों में कक्षा एक की शगुन, सिमरन, सुनैना; कक्षा दो की आराध्य, लाजो, आलिया; कक्षा तीन की सौम्या, रागनी, अरशद अली; कक्षा चार की जैनब बानो, अलकमा, दिव्यांशी तथा कक्षा पांच के साहिल, प्रिंस और अमित शामिल रहे।

कार्यक्रम में अभिभावक सुनीता, गौसिया, संगीता, रहना, कमर जहां सहित शिक्षक सर्वेश कुमार, रिजवाना बानो, शिव बालक, सर्वोच्च, राजेश्वरी सिंह, अरविंद कुमार और शाहिद समेत बड़ी संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन शिक्षक कासिम हुनर द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top